मीडिया टुडे – समाचार

कलेक्टर ने किया मोहगांव और लिंगा पौड़ी के खरीदी केंद्रों का निरीक्षण

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मोहगांव और लिंगा पौड़ी के खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान मापतौल के सत्यापन, मॉइश्चर मीटर तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित माप से अधिक किसानों की फसल ना तौली जाए। श्रीमती सिंह ने पूछा कि कितने किसानों को अब तक मैसेज किया गया है इसी प्रकार उन्होंने मोहगांव और लिंगा पौड़ी क्षेत्र में पंजीकृत किसानों की संख्या जानी। उन्होंने अब तक की गई खरीदी तथा आगामी दिनों में भेजे गए एसएमएस के आधार पर उपस्थित होने वाले किसानों की संख्या के बारे में विस्तार से जाना। कलेक्टर ने बारदानों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बारदानों पर जरूरी जानकारी स्पष्ट रूप में अंकित किया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शासकीय खरीदी केंद्र लिंगा पौड़ी का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यहां पर फसल की माप कराया तथा मॉइश्चर मीटर में फसल की नमी भी देखी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को खरीदी केंद्रों में सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लिंगा पौड़ी केंद्र से खरीदी धान का शीघ्र परिवहन करने के निर्देश दिए। इस दौरान खाद्य आपूर्ति एवं सहकारिता विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने किया ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला  स्थित ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। उन्होंने वेयर हाऊस की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर मीना मसराम, प्राचार्य आरके परोहा तथा निर्वाचन शाखा से सीके तिवारी सहित निर्वाचन से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने की खरीफ उपार्जन एवं रबी की तैयारियों की समीक्षा

               खरीफ उपार्जन तथा रबी फसलों की तैयारी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। पात्रतानुसार किसानों को खाद प्रदान किया जाए। खाद का वितरण इस प्रकार किया जाए कि प्रत्येक किसानों को उनकी खेती के लिए आवश्यक मात्रा में खाद मिल सके। उन्होंने बीज तथा पानी की उपलब्धता के संबंध में भी विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि उपार्जन के साथ-साथ भुगतान की कार्यवाही भी की जाए।

               उपार्जन प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उपार्जित फसल का परिवहन समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वेयरहाउस तथा केप में अब तक किये गए उपार्जन के बारे में आंकड़ेवार जानकारी ली। पीडीएस वितरण की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत खाद्यान्न का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नए पात्रता पर्चीधारियों को भी समय पर राशन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें तथा आधार सीडिंग का कार्य जल्द पूर्ण करें। उन्होंने उपार्जन केंद्रों में बारदानों की वर्तमान स्थिति तथा अब तक जिले को प्राप्त बारदानों के बारे में जानकारी ली।

               कलेक्टर ने कहा कि सभी खरीदी केंद्रों में उपयोग किए जाने वाले नापतौल काटे का सत्यापन अनिवार्यतः कराएं। उन्होंने कहा कि बारदानों पर अंकित की जा रही जानकारी साफ-सुथरी एवं पठनीय हो। उपार्जन समीक्षा के दौरान कृषि, सहकारिता, खाद्य सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

कुक्कुट पालन योजनांतर्गत चूजा इकाई वितरित

पशु चिकित्सा विभाग द्वारा हितग्राही मूलक कड़कनाथ कुक्कुट पालन योजना अंतर्गत विकासखंड बीजाडांडी के ग्राम छिन्नगाँव, पौंड़ी रैयत, लहसर, मोहदा में 19 कड़कनाथ इकाई का एवं ग्राम लहसर मोहदा, बिदरी, साल्हेपानी, पोनिया माल एवं डूडवा में 23 बैकयार्ड कुक्कुट इकाई का वितरण किया गया। इसी प्रकार विकासखंड मवई के ग्राम खैरी, टिकरिया, खम्हरिया में 34 इकाई एवं विकासखंड मंडला में 2 कड़कनाथ इकाई कुल 36 कड़कनाथ इकाई का वितरण किया गया। डॉ. अरविन्द नागेश्वर प.चि. बीजाडांडी, डॉ. वर्षा तरवरे प.चि. मवई, डॉ. अनामिका वरकडे प.चि. घुटास के.एस. परस्ते, कमलेश गोठिया द्वारा इकाई का वितरण किया गया साथ ही वितरण के दौरान पशुपालकों को मुर्गी पालन, मनियों में होने वाली बिमारियों से बचाव के उपाय रख-रखाव एवं मुर्गी पालन से आय में वृद्धि की जानकारी एवं विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों से अवगत कराया गया।

जिले में 3 कोरोना केस मिले

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 दिसम्बर की शाम 4 बजे से 5 दिसम्बर की शाम 4 बजे तक 3 कोरोना पॉजीटिव केस मिले हैं। जानकारी के अनुसार ग्राम अंजनिया निवासी 44 वर्षीय महिला, 4 वर्षीय बालक एवं नैनपुर के वार्ड नंबर-15 निवासी 40 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। सभी संक्रमितों को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संक्रमितों के संपर्क में आए व्यक्तियों के स्वास्थ्य परीक्षण तथा कोरोना जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

6 कोरोना मरीज स्वस्थ हुए

               मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 4 दिसम्बर की शाम 4 बजे से 5 दिसम्बर की शाम 4 बजे तक जिले में 6 कोरोना मरीजों ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटे हैं जो बिंझिया पाईप फैक्ट्री के पास निवासी 44 एवं 22 वर्षीय पुरूष, ग्राम डिठौरी निवासी 24 वर्षीय पुरूष, ग्राम समनापुर निवासी 11 वर्षीय बालक, वार्ड नंबर-10 नैनपुर निवासी 58 वर्षीय महिला एवं वार्ड नंबर-4 नैनपुर निवासी 50 वर्षीय पुरूष शामिल है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ होकर घर जाने वाले मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here