जन जन तक पहुँच रहे कांग्रेस कार्यकर्ता-हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का मण्डला जिले में हुआ भव्य आगाज

भारत जोड़ो यात्रा की सफलता के बाद अब कांग्रेस ने हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का आगाज कर दिया है। 26 जनवरी से यह अभियान प्रदेश के सभी जिलों में शुरू किया गया है। इसी क्रम में मण्डला जिले में भी इस अभियान का भव्यता के साथ आगाज किया गया है। जिले में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को जिले से लेकर बूथ स्तर तक ले जाते नजर आएंगे। कांग्रेस ने यह अभियान भारत जोड़ो यात्रा की सफलता के बाद शुरू करने का फैसला लिया है, जहां इस अभियान के जरिए कांग्रेस जनता तक पहुंचने की कोशिश करती नजर आ रही है। मण्डला शहर व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मण्डला ने मण्डला नगर के तिलक वार्ड से इस अभियान की शुरुआत की। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एड राकेश तिवारी सहित शहर व ब्लॉक पदाधिकारी तिलक वार्ड के घर घर पहुंचकर आम जन से मिले और अभियान से जुड़े पम्पलेट व भाजपा के 18 सालों के कुशासन से जुड़े पम्पलेट आम जन को वितरित किये। इसी क्रम में बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी घुघरी द्वारा ग्राम घुघरी पोलिंग बूथ में आयोजित हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में सम्मिलित हुए और कार्यकर्ताओं सहित गांव के घर घर पहुंचे। आम जन से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में डर और नफरत का माहौल बनाया जा रहा है। समाज के हर वर्ग को एक दूसरे से लड़ाने का षड्यंत्र चल रहा है। हमें इससे सतर्क रहते हुए सभी को सच्चाई बताने की जरूरत है। भाजपा गुमराह करने की राजनीति करती है। प्रदेश में 18 साल में भाजपा सरकार ने बेरोजगारों किसानों को लाठियां और भ्रष्टाचार दिया है। महिलाएं और बच्चियां अपराध का शिकार हो रही है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं तो किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में आप भी जुड़कर बाहर आएं और जन-जन को सच्चाई बताएं। भाजपा की जनविरोधी नीतियों को उजागर करें।

जिले के 14 बूथों में एक साथ शुरू हुआ अभियान

जिले की 14 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों अन्तर्गत 14 पोलिंग बूथों में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का आगाज किया गया है और जिले के सभी 940 बूथों तक इस अभियान के माध्यम से पहुंचा जाएगा। शहर व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मण्डला द्वारा तिलक वार्ड में, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नैनपुर द्वारा नैनपुर नगर के वार्ड क्रमांक 8 में, ब्लॉक कांग्रेस बम्हनी द्वारा बम्हनी नगर मुख्यालय में, ब्लॉक कांग्रेस पठार द्वारा पिंडरई में, बिछिया विधानसभा अंतर्गत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंजनियाँ द्वारा ग्राम अंजनियाँ में, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी घुघरी द्वारा ग्राम घुघरी में, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिछिया द्वारा नगर बिछिया के वार्ड क्रमांक 3 में, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी घुटास द्वारा ग्राम बर्रई में, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मवई द्वारा जमगांव बूथ के ग्राम सूरजपुरा में, निवास विधानसभा अंतर्गत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी निवास द्वारा ग्राम मेहरासिवनी में, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बीजाडांडी द्वारा बीजाडांडी बूथ क्रमांक 1 में, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नारायणगंज द्वारा ग्राम सलैया में, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बकौरी द्वारा लिंगा में, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मोहगांव द्वारा ग्राम बींझी में अभियान का क्रियान्वयन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता सैकड़ो नागरिकों के घरों तक पहुँचे और अभियान की जानकारी देने के साथ भाजपा के 18 साल के कुशासन की जानकारी युक्त पम्पलेट भी वितरित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here